सामूहिक इफ्तार पार्टी में रोजेदारों ने दिया भाईचारे का संदेश

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रविवार को मेहनाजपुर रोड स्थित मस्जिद उमर बिन खत्ताब, देवगांव में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें देवगांव सहित आसपास के कई गांवों से सैकड़ों रोजेदारों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से रोजा इफ्तार किया और आपसी प्रेम, सौहार्द्र तथा भाईचारे का संदेश दिया।
इफ्तार के समय मस्जिद की छत और परिसर रोजेदारों से खचाखच भरा हुआ दिखाई दिया। चारों ओर खुशनुमा और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। लोग एक-दूसरे के साथ बैठकर इफ्तार करते रहे, जिससे भाईचारे और एकता की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
इफ्तार के लिए खजूर, तरबूज और अन्य ताजे फलों के अलावा शरबत तथा कई प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों की व्यवस्था की गई थी। रोजेदारों ने सामूहिक रूप से इफ्तार किया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रोजेदारों की सेवा में लगे रहे। युवाओं की मेहनत और लगन की हर ओर प्रशंसा की गई।
बताया गया कि रमजान का महीना केवल इबादत और रोजे का ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सहानुभूति और भाईचारे को बढ़ावा देने का भी संदेश देता है। ऐसे सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम समाज में एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं।
इफ्तार के बाद सभी रोजेदारों ने सामूहिक रूप से मग़रिब की नमाज अदा की। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, तरक्की, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *