होलिका दहन स्थल का एसडीएम ने किया निरीक्षण

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पंचायत क्षेत्र में होलिका दहन स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद के समाधान हेतु मंगलवार को बूढ़नपुर एसडीएम अभयराज पांडे नगर के पूरब पोखरा पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे सहित नगर के व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
होलिका दहन के पारंपरिक स्थल को लेकर नगरवासियों ने हाल ही में थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में आपत्ति दर्ज कराई थी। लोगों का कहना है कि नगर के पूरब पोखरा स्थित जिस स्थान पर वर्षों से होलिका दहन होता चला आ रहा है, वहां कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे इस वर्ष होलिका दहन प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने स्थल का निरीक्षण कर बाउंड्री वॉल गेट के समीप वैकल्पिक स्थान चिन्हित कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में होलिका दहन संपन्न कराने की अपील की। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने नागरिकों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। वहीं, नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में चिन्हित पारंपरिक स्थल पर ही होलिका दहन की अनुमति दी जाए। उनका आरोप है कि अवैध कब्जे के कारण उन्हें वर्षों पुराने स्थान पर आयोजन करने में असुविधा हो रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थल पर होलिका दहन की तैयारी की जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *