पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी दो सगे भाइयों की मौत सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में हो गई। यह दुर्घटना जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के 134.2 पर रविवार की रात लगभग 11 बजे हुई जब एक खड़ी ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पवई थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी बुद्धू गौड़ परिवार सहित रोजी-रोटी की तलाश में कानपुर रहते थे। रविवार की शाम बुद्धू गौड़ ट्रेन से अपने घर पवई थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव के लिए निकले थे। उनके दोनों पुत्र सुमित गौड़ 25 वर्ष व शुभम गौड़ 22 वर्ष ने भी घर जाने की बात कही तो पिता ने अगले दिन सुबह निकलने के लिए बोला। पिता के ट्रेन से जाने के बाद दोनों पुत्र रात लगभग 8 बजे बाइक से घर के लिए निकल पड़े। जब वह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर 134.2 के पास पहुंचे तो पीली पट्टी के अंदर एक लोडेड ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। ट्रक पर तिरपाल ढका हुआ था। जिससे उनकी बाइक पीछे से इस खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई बाइक समेत ट्रक में घुस गए। इस दुर्घटना में सुमित गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम गौड़ अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
जब घटना की जानकारी शाहगंज स्टेशन पहुंचे पिता को हुई तो पिता बुद्धू गौड़ तुरंत स्टेशन से वापस सुल्तानपुर के लिए निकल पड़े। दुर्घटना के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। दोनों बेटों का शव देख मां किरन गौड़ की चीख ने वहां मौजूद हर किसी का कलेजा चीर दिया। दोनों शवों का अंतिम संस्कार मझुई नदी के तट पर किया गया।
रिपोर्ट-नरसिंह