शादी से इनकार के बाद किशोरी ने लगाई फांसी

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जगमलपुर गांव में शादी से इनकार के बाद एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना बिलरियागंज क्षेत्र के ग्राम जगमलपुर निवासी सुमन देवी पत्नी मूलचंद राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी घर पर ही रहती थी। आरोप है कि पाती बुजुर्ग गांव निवासी शाकिब नामक युवक से उसकी बातचीत और मेलजोल था तथा दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी।
20 फरवरी को युवक शाकिब उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। 21 फरवरी की भोर में युवक की माता खुशी कुमारी को वापस उसके घर छोड़ गई। जब लड़की की ओर से शादी की बात उठाई गई तो युवक और उसके परिवार द्वारा शादी से इनकार कर दिया गया, जिससे किशोरी काफी आहत और मानसिक रूप से परेशान हो गई। परिजनों का कहना है कि उसी दिन दोपहर करीब एक बजे खुशी कुमारी ने अपने कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां सुमन देवी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *