आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील मार्टीनगंज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 86 शिकायत प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 60, पुलिस के 12, विकास के 8 एवं अन्य के 6 मामले शामिल हैं। मौके पर 7 प्रकरण का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आज ही सभी अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस के बाद अपने विभाग से संबंधित सबसे अधिक शिकायतों वाले गांव तथा आईजीआरएस पर प्राप्त सबसे अधिक शिकायत वाले गांव का भ्रमण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर सुनें एवं प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने के बाद भी यदि दोबारा अवैध कब्जे की शिकायत आती है तो मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं सरकार के निर्देशानुसार अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण का गुणवत्तायुक्त निस्तारण करें। प्राइवेट जमीन पर पैमाइश के बाद भी यदि किसी व्यक्ति द्वारा खूंटा उखाड़ा जाता है तो पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि आबादी के प्रकरण में जहां भी दीवानी के वाद दायर है, उसमें संयुक्त टीम भ्रमण करेगी। भ्रमण के दौरान यदि किसी दबंग व्यक्ति द्वारा गरीबों को प्रताड़ित कर जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो उस पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करें।
रिपोर्ट-सुबास लाल