गन्ना लदे ट्रैक्टर से कुचल कर युवती की दर्दनाक मौत

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बिलरियागंज मार्ग पर बासथान मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गन्ना लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवती ट्रॉली के नीचे गिर गई और ट्रॉली के पहिये से कुचल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शोभा पुत्री शिवबचन मोटरसाइकिल से अपने चचेरे भाई के साथ बिलरियागंज से महराजगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद चचेरे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। कोतवाली प्रभारी केदार नाथ मौर्या ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *