सदन में गूंजा भदुली पुल से कलान चौक मार्ग के निर्माण की मांग

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी के एमएलसी एवं पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम गुड्डू जमाली ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में जनपद की जर्जर सड़क के निर्माण का मुद्दा उठाया।
उन्होंने प्रमुख सचिव, विधान परिषद को संबोधित करते हुए सदन का ध्यान भदुली पुल से निजामाबाद तथा मिर्जापुर ब्लॉक से फूलपुर, पवई माहुल होते हुए कलान चौक तक जाने वाले मार्ग के नव निर्माण एवं डामरीकरण की ओर आकृष्ट कराया। एमएलसी ने बताया कि उक्त सड़क लंबे समय से अत्यंत खराब एवं कच्ची अवस्था में है, जहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भयावह हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। किसान अपने कृषि उपकरण और फसल का परिवहन भी सुचारु रूप से नहीं कर पा रहे हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण आयेदिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
एमएलसी ने यह भी बताया कि स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अंत में उन्होंने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर सदन के माध्यम से उक्त सड़क का शीघ्र डामरीकरण एवं नव निर्माण कराए जाने संबंधी वक्तव्य देने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *