फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे में लखनऊ-बलिया मार्ग पर बाबा गेट के पास सोमवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चालक की जान बच गई, जबकि साथ बैठे युवक को मामूली चोट आई। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अशोक जायसवाल के 28 वर्षीय पुत्र विशाल अपनी शादी की तैयारियों के सिलसिले में कोलकाता से आने वाले रिश्तेदार को लेने शाहगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वह अपने घर से लगभग 100 मीटर ही आगे बढ़े थे कि सामने से तेज गति से आ रही ट्रक से बचने के प्रयास में उनकी कार सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में असंतुलित हो गई और पास स्थित सीमेंटेड बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, एयरबैग खुल जाने से चालक विशाल की जान बच गई। कार में साथ बैठे अब्बास 25 वर्ष पुत्र गुलाम अज़गर, निवासी चमावा को हल्की चोट आई, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिवारजन होने वाले दूल्हे की सकुशलता पर ईश्वर का आभार व्यक्त कर रहे हैं।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय