ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के कृष्णा पब्लिक स्कूल, बरदह में वार्षिकोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक राजेश राय के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि मार्टिनगंज एसडीएम दिव्या सिकरवार तथा विशिष्ट अतिथि बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह तथा पत्रकार-साहित्यकार संजय कुमार पांडेय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्र-छात्राओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गीत, संगीत, नाटक, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय के प्रबंधक राजेश राय ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि एसडीएम दिव्या सिकरवार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग डिजिटल है, लेकिन मोबाइल का अत्यधिक उपयोग आपके भविष्य के लिए बाधा बन सकता है। आप सभी विद्यार्थी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। आपके माता-पिता अपने सपनों को त्यागकर आपके सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करते हैं। इसलिए लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करें और अपने माता-पिता व देश का नाम रोशन करें।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अनुशासन और मेहनत सफलता की पहली सीढ़ी है। छात्र जीवन में यदि आप सही दिशा में आगे बढ़ेंगे तो भविष्य स्वतः उज्ज्वल होगा। पत्रकार, साहित्यकार संजय कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है जो व्यक्ति को समाज में सम्मान दिलाती है। बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। इस अवसर पर क्षेत्र के काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-एमके राय