लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड ठेकमा के ग्राम सभा सेंदुरी में रविवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का आगमन हुआ। पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह के नेतृत्व में रामानंद यादव एवं मनीष गुप्ता ने अनुदेशकों की ओर से मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से सरकार द्वारा प्रदान की गई कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित धन्यवाद पत्र दिया गया तथा अनुदेशकों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी गई। इस पर कैबिनेट मंत्री ने अनुदेशकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि अनुदेशक शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने बेसिक, माध्यमिक एवं कस्तूरबा विद्यालयों के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को उनके परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की है, जो एक ऐतिहासिक निर्णय है।
इस अवसर पर रामानंद यादव, मनीष गुप्ता, गब्बर राव, रामवृक्ष, सुनील कुमार, सुशील, प्रवीण सहित अन्य शिक्षक एवं अनुदेशक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद