अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीज छोड़कर वापस गोरखपुर के बड़हलगंज लौट रही एक प्राइवेट एंबुलेंस का टायर फटने से वह आगे चल रही ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जहां एक की मौत हो गयी वहीं दो लोग घायल हो गये।
प्राइवेट एंबुलेंस गुरुवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 203.9 पर पहुंची थी। इसी दौरान अचानक एंबुलेंस का टायर फट गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और एंबुलेंस सामने चल रही ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में एंबुलेंस चालक अनिल यादव 23 वर्ष निवासी ग्राम बाछेपार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर तथा उनके साथ बैठे राकेश कुमार 29 वर्ष निवासी मोहिद्दीनपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एंबुलेंस में सवार तीसरे व्यक्ति उत्तम यादव उर्फ गुड्डू 22 वर्ष निवासी महोलिया खजुआ, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला लाया गया, जहां डाक्टरों ने उत्तम यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अनिल यादव एवं राकेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतक उत्तम यादव के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की गयी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे