जीवन में सही और गलत का विवेकपूर्ण चयन करें छात्र-मण्डलायुक्त

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र स्थित श्रीमती कमला देवी इंटर कॉलेज, बघैला में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह बड़े ही हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल आयुक्त विवेक कुमार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक राधेश्याम सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण, बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।
विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का हृदय जीत लिया। “तेरी बीड़ा की बन जाऊं तान, मां ऐसा दे दे मुझे वरदान” जैसी भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भारतीय संस्कृति एवं संस्कार आधारित कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
अपने संबोधन में मंडलायुक्त विवेक कुमार ने मां सरस्वती की सवारी हंस का उदाहरण देते हुए बच्चों को सीख दी कि जैसे हंस दूध और पानी को अलग कर लेता है, वैसे ही जीवन में सही और गलत का विवेकपूर्ण चयन करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन में बेटियों की विशेष भागीदारी सराहनीय रही। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से अनुरोध किया कि छात्र-छात्राओं दोनों को समान अवसर देकर मंच प्रदान किया जाए।
विद्यालय के प्रबंधक राधेश्याम सिंह ने अपने वक्तव्य में विद्यालय के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1972 में यह संस्थान मंडई के रूप में प्रारंभ हुआ था, जो समय के साथ विकसित होकर आज भव्य भवन के रूप में स्थापित है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर अनेक छात्र उच्च पदों पर आसीन होकर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने उनके साथ स्मृति स्वरूप सेल्फी लेकर इस दिन को यादगार बना लिया। पूरे समारोह में विद्यालय का सकारात्मक और पारिवारिक वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह, विपिन सिंह, विकास सिंह, राकेश विश्वकर्मा, राहुल यादव, प्रदीप कुमार, सद्दाम, गुड्डू, प्रिंस वर्मा, राधेश्याम यादव, सुरेश सिंह, अमरनाथ तिवारी सहित समस्त अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *