डीएवी पीजी कॉलेज एवं जन जागृति सेवा समिति के बीच समझौता

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। डीएवी पीजी कॉलेज में प्लेसमेंट सेल द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय एवं जन जागृति सेवा समिति के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य शैक्षणिक, सामाजिक एवं कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज के प्रबंधक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों संस्थाओं ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सेवा, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाओं, सेमिनारों एवं शोध गतिविधियों के संयुक्त आयोजन पर सहमति व्यक्त की। यह समझौता विद्यार्थियों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करने तथा समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
डीएवी पीजी कॉलेज, आज़मगढ़ के प्राचार्य प्रोफेसर प्रेम चंद्र यादव ने कहा कि इस एमओयू के माध्यम से छात्रों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा। वहीं जन जागृति सेवा समिति के विजय प्रताप सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगा। प्लेसमेंट सेल के संयोजक डा. रजनीश भारती इस कार्यशाला के अध्यक्ष रहे, डा. यशवंत प्रताप, डा. चन्दन कुमार गौतम, महाविद्यालय के आई.क्यू.ए.सी. समन्वयक प्रो. सौम्य सेनगुप्ता व अन्य शिक्षक शिक्षणोत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में दोनों संस्थाओं ने भविष्य में निरंतर समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रिपोर्ट-दीपू खरवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *