नम आंखों से पूर्व प्रमुख को दी गयी श्रद्धांजलि

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर विकास खंड के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी महिला-पुरुषों ने अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
कार्यक्रम की शुरुआत वर्तमान ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव द्वारा स्वर्गीय वीरेंद्र यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं चरण वंदन के साथ की गई। इसके पश्चात ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, स्थानीय नागरिकों व समर्थकों ने आंखों में आंसू लिए श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूर्व प्रमुख के कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमरेथु उमाशंकर यादव ने बताया कि स्वर्गीय वीरेंद्र यादव ने वर्ष 2000 में ग्राम पंचायत सराबा से क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी और उसी वर्ष फूलपुर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख बने। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र यादव पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर सभी की सेवा करते थे और जरूरत पड़ने पर दिन-रात लोगों के साथ खड़े रहते थे। यही कारण है कि वे आज भी क्षेत्रवासियों के दिलों में बसे हुए हैं। श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव, रिजवान अहमद, मंशा यादव, खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल, अरविंद अस्थाना, पूर्व लेखाकार राम आसरे यादव, पवन जायसवाल, हरपत यादव, शिव पूजन उर्फ रिंकू यादव, मंगला यादव सहित सैकड़ों समर्थक व शुभचिंतक उपस्थित रहे।
ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने दिवंगत मार्गदर्शक के दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी को एक सूत्र में जोड़कर चलने का प्रयास कर रही हैं और आगे भी जनसेवा का यह क्रम जारी रहेगा।
पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा रक्तदान कर सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही लगभग 200 गरीब व असहाय महिलाओं एवं मजदूरों को कंबल वितरित किए गए। कंबल वितरण का कार्य ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं स्वर्गीय वीरेंद्र यादव के पुत्र मृगांक यादव ‘टाइगर’ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मृगांक यादव टाइगर ने उपस्थित सभी सहयोगियों व शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के आशीर्वाद से जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *