पवई आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ मन स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ आयोजित इस शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिसमें 162 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें विशेषज्ञो द्वारा परामर्श व निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गई।
डा.अजय कुमार यादव अधीक्षक पवई ने मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसिक रोग भी शारीरिक रोगों की तरह ही सामान्य हैं। उन्होंने डिप्रेशन, एंजायटी और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं को दूर करने और भ्रांतियों को मिटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही समय पर परामर्श से इसका पूर्ण उपचार संभव है। शिविर में विशेषज्ञ डाक्टरों द्वारा सूक्ष्म परीक्षण के उपरांत चार गंभीर मरीजों की पहचान की गई। इन मरीजों को बेहतर और उच्च स्तरीय उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। डा.यादव ने बताया कि इन मरीजों के उपचार की निगरानी अस्पताल प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी ताकि उन्हें समय पर विशेष सेवाएं मिल सके। इस मौके पर डा.आरके वर्मा, डा.तरन्नुम फिरदौस, डा.मनीष यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-नरसिंह