आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महराजगंज नया चौक पर निःशुल्क होमियोपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां 496 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई वहीं 100 से अधिक लोगों के ब्लड की जांच की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्टिक्ट चेयर पर्सन होमियोपैथी लायंस क्लब इंटरनेशनल ख्यातिलब्ध होमियोपैथिक चिकित्सक डा. भक्तवत्सल, अध्यक्ष लायंस क्लब ओमप्रकाश अग्रवाल व सचिव सुनील अग्रवाल ने होमियोपैथ के जनक डा. हैनिमन की प्रतिमा पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डा. भकतवत्सल ने कहा कि लायंस क्लब ने सामाजिक सरोकार में हमेशा बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। समाज के सभी तबकों के उत्थान के लिए कार्य करते हुए यह संगठन आज दुनियां का सबसे बड़ा संगठन बना है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस कारवां को आगे बढ़ाएं। इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। आगे भी इस तरह के कैंप का आयोजन होता रहेगा।
उन्होंने कहा कि आज होमियोपैथ ने चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनायी है। इस विधा से कम खर्च में असाध्य रोगों का समूल नाश संभव है। होमियोपैथ की सबसे खास बात है कि यह आम आदमी के पहुंच के भीतर है। संगठन का हमेशा से प्रयास रहा है कि कोई व्यक्ति उपचार के आभाव में दम न तोड़े।
इस अवसर पर लायन सुनील अग्रवाल, डा. अनुतोश वत्सल, डा. देवेश दुबे, डा. नेहा दुबे, डा. प्रिया राय, डा. रणधीर सिंह, डा. विशाल मिश्र, डा. अजय राय, डा. नीरज सिंह, डा. सीजे मौर्य, डा. एचपी त्यागी, डा. एससी सैनी, डा. अफजल आदि मौजूद थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार