आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्रीड़ा क्षेत्र सठियांव अंतर्गत राम जानकी मठ, शाहगढ़ के प्रांगण में रविवार को एक दिवसीय प्रो कबड्डी लीग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की दर्जनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खेल प्रेमियों की भारी भीड़ के बीच मुकाबले खेले गए, जिससे पूरे परिसर में खेल भावना और रोमांच का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समाज सेवी शैलेन्द्र यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनका उत्साहवर्धन कर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रखकर स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करती हैं। खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
प्रो कबड्डी लीग प्रतियोगिता में 45 किलोग्राम एवं 55 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने फुर्ती, ताकत और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में 45 किलोग्राम भार वर्ग में मुहम्मदाबाद की टीम ने कप्तान अमन के नेतृत्व में शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शाहगढ़ की टीम कप्तान धीरज चौहान के नेतृत्व में द्वितीय स्थान पर रही। वहीं 55 किलोग्राम भार वर्ग में मुहम्मदाबाद की टीम ने कप्तान मोनू राजभर के नेतृत्व में जीत दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि शाहगढ़ की टीम कप्तान राजकुमार चौहान द्वितीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्रबंधक विजयपाल यादव द्वारा मेडल, शील्ड एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजक सौरभ कुमार, विकास पांडेय, गौरव कुमार, विशाल कुमार एवं अमित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की बात कही, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच मिल सके।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार