सातवीं पुण्यतिथि पर याद किये गये समाजसेवी जग्गी बाबू

शेयर करे

फरिहा/निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद क्षेत्र के बड़ागांव स्थित एक मैरेज हाल में सोमवार को शिक्षाविद, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं प्रख्यात समाजसेवी पंडित यज्ञनाथ मिश्र की सातवीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर समाजसेवा के क्रम में 250 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व.मिश्र के सेवा भाव को स्मरण किया। मुख्य अतिथि एसडीएम निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि पंडित यज्ञनाथ मिश्र बचपन से ही प्रतिभावान व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने ब्रिटिश शासनकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन किया तथा ब्रिटिश सरकार से अनेक पुरस्कार भी प्राप्त किए। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे लालगंज, चंडेश्वर एवं निजामाबाद में कई विद्यालयों की फाउंडर कमेटी से जुड़े रहे। अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख विपिन सिंह ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित यज्ञनाथ मिश्र पूरे क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों को लोग सदैव याद रखेंगे। उन्होंने बताया कि करीब तीन दशक पूर्व वे तत्कालीन निजामाबाद विधायक चंद्रबली ब्रह्मचारी के प्रतिनिधि भी रहे। क्षेत्र में लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “जग्गी बाबू” के नाम से जानते थे।
इस अवसर पर मनोज यादव, डा. मनीष त्रिपाठी, ओम प्रकाश मिश्र, प्रवीण सिंह, विजय विश्वकर्मा ब्लाक प्रमुख मुहम्मदपुर, लालमन, देवेन्द्र राय, डा.सलमान फैजी, शाह आलम फराही, जावेद वकील, दिनेश चंद्र मिश्र, इमरान शेख, अबुजर आजमी, अतुल मिश्र, अनुराग मिश्र आदि उपस्थित रहे। संचालन राकेश पाठक ने किया।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र/जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *