अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। एक महिला के साथ हुई 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए अतरौलिया पुलिस ने पैसे वापस करा दिये। पैसे वापस पाकर पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के गंगापुर खास निवासी नीलम पत्नी विपिन कुमार के पास बीते 3 सितंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। जालसाज ने फर्जी कॉल के जरिए झांसा देकर नीलम के खाते से 25 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई और अतरौलिया थाने में मामला पंजीकृत कराया।
शिकायत मिलते ही थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे के निर्देशन में साइबर हेल्पडेस्क टीम सक्रिय हो गई। प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष कुमार ने तकनीकी जांच करते हुए मामले को आगे बढ़ाया। न्यायालय से फंड रिलीज ऑर्डर प्राप्त करने के बाद, पुलिस ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क साधा और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस की इस तत्परता का परिणाम यह रहा कि पीड़िता के खाते में ठगी गई पूरी राशि वापस आ गई। पैसे पाकर पीड़िता ने पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद