पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के परिवहन बस डिपो परिसर में डिपो में कार्यरत चालक, परिचालक एवं सहयोगी स्टाफ का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में कुल 151 कर्मचारियों का पंजीकरण किया गया। शिविर का उद्घाटन सीएमओ डा. एनआर वर्मा एवं क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज बाजपेई द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों को निःशुल्क नेत्र परीक्षण, टीबी स्क्रीनिंग, एचआईवी जांच, एसटीआई तथा हेपेटाइटिस (बी एवं सी) से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
सीएमओ डा. वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना रोकथाम की दृष्टि से चालकों, परिचालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है। शिविर में उपलब्ध सभी जांच सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं तथा जांच रिपोर्ट पूर्ण गोपनीयता के साथ प्रदान की जाती हैं। स्वास्थ्य शिविर स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डा. वाई. प्रसाद की देखरेख में रोडवेज आज़मगढ़ में आयोजित किया गया। शिविर के आंकड़ों के अनुसार 146 व्यक्तियों की एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस बी/सी जांच, 146 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई, जिसमें किसी भी व्यक्ति में टीबी की पुष्टि नहीं हुई। इसके अतिरिक्त 64 कर्मचारियों का नेत्र परीक्षण भी किया गया।
शिविर के दौरान श्रीमंत जादूगर एसके सिंह द्वारा जादूगरी कला के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। आज़मगढ़ डिपो के स्टेशन इंचार्ज श्री पाण्डेय एवं प्रवेश सिंह द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया। दिशा टीम के बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने दोनों विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर शिविर को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। अंत में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, अंबेडकर डिपो द्वारा स्वास्थ्य विभाग से आई समस्त टीमों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
इस अवसर पर डा. नीतीश सिंह, डा.आस्था सिंह, नेत्र परीक्षक अधिकारी केके पांडेय, अभिषेक पाण्डेय, फार्मासिस्ट संगीता राय, काउंसलर नवनीत चौबे, रंजू श्रीवास्तव, माया सिंह, योगेन्द्र शर्मा, एलटी रमेश यादव, रामप्रवेश, एसएसके मैनेजर जसवंत सिंह, टीआई काउंसलर प्रतिभा श्रीवास्तव, लिंक वर्कर संदीप, दिनेश, मनीषा, अमरजीत, विवेक यादव, किरण प्रजापति आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-बबलू राय