पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सेठारी गांव के पास कयाड़ नदी पर बने संकरे पुल के नजदीक आजमगढ़ की ओर जा रही एक पिकअप में सामने से तेज रफ्तार आ रही अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे पिकअप बीच सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में पिकअप चालक मनीष यादव पुत्र राजेंद्र यादव निवासी हीरामनपुर, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली घायल हो गया। उन्हें हाथ में चोट आई। मनीष यादव बनारस से पिकअप पर मछली का चारा लेकर गुलवा नसीरपुर स्थित एक मुर्गा फार्म पर चारा उतारने गया था। वापस वाराणसी लौटते समय जैसे ही पिकअप संकरे पुल को पार कर रही थी, तभी सामने से आ रही अर्टिगा कार ने पिकअप के अगले पहिए में टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल चालक का प्राथमिक उपचार कराया और दूसरी गाड़ी की मदद से पिकअप को सीधा कर सड़क किनारे कराया, जिससें यातायात बहाल हो सका।
रिपोर्ट-बबलू राय