संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा सोमवार को सरायमीर नगर में पहले का लगा पुराना मीटर निकालकर नया स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा था जिसका उपभोक्ताओं ने विरोध किया कि पहले का ही मीटर सही है। स्मार्ट मीटर की रीडिंग सही नहीं आती है। जितने लोगों के घरो मंे स्मार्ट मीटर लगा है उनके घरों में बिजली का बिल अधिक आ रहा है। बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी निजामाबाद चन्द प्रकाश सिंह से की गयी। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं को समझाया कि स्मार्ट मीटर से बिल सही तरीके से आती है। इस मीटर में खासियत है कि जितनी बिजली खर्च होती है उसकी रीडिंग आ जाती है। उपभोक्ताओं को समझा बुझाकर स्मार्ट मीटर लगाया गया।
इस सम्बन्ध में एसडीओ सरायमीर संदीप चंद्रा ने बताया कि यह भारत सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण आरडीएसएस के अंतर्गत स्मार्ट मीटर जीएमआर काशी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगाया जा रहा है। इसके लगाने से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। इससे सटीक बिलिंग आती है। गलत बिल से उपभोक्ताओं को छुटकारा मिलेगा। कुछ लोगों के विरोध पर एसडीएम को मौके पर बुलाया गया था।
इस अवसर पर जीएमआर कम्पनी के नमन कुमार, जेई सुनील कुमार तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सरायमीर वसीम अहमद आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-राहुल यादव