लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बसही अकबालपुर गांव के प्रधान अबुसालेह उर्फ सालेहीन के खिलाफ गांव के कुछ लोगों ने डीएम से मिलकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शिकायत किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान अबुसालेह ने कहा कि सारे आरोप बेबुनियाद हैं। चुनावी रंजिश के चलते यह कृत्य किया जा रहा है। जो लोग उनके खिलाफ आरोप लगाकर शिकायत किए हैं, वह अपने कार्यकाल में इन लोगों के घर मुहल्लों में भी काम करवाये हैं। उन्होने कहा कि कोई भी उनके द्वारा कराए गए कामों की जांच कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि लालगंज तहसील क्षेत्र के बसही अकबालपुर गांव निवासी हैदर अली पुत्र निजामुद्दीन ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है जिसमें उनका आरोप है कि उनके ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान लगभग 15 वर्षों से इस पद पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में तमाम भ्रष्टाचार कर रहे हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायत में गरीबों का जॉब कार्ड न बनवा कर अमीरों का जॉब कार्ड बनवाया गया है। कालोनी आवास देने के नाम पर रुपये वसूले गये हैं। ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर के नाम पर लाखों का भुगतान करा लिया गया है, लेकिन मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया है। इस तरह के तमाम भ्रष्टाचार के आरोप हैदर अली ने लगाए हैं और जिलाधिकारी से इस पूरे प्रकरण की किसी सक्षम अधिकारी से जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इस मामले में वर्तमान ग्राम प्रधान अबुसालेह ने कहा कि वह अपने कार्य के बल पर लगातार तीन बार से ग्राम प्रधान चुने जा रहे हैं। गांव की जनता के सहयोग से चुनाव जीते हैं। ऐसे में अफवाह फैलाकर उनकी छवि खराब की जा रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद