फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन के निर्देश के क्रम में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पर टीकाकरण महोत्सव के रूप में मनाया गया।
शासन के निर्देश अनुसार माह दिसंबर में टीकाकरण महोत्सव के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके क्रम में चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर डा. शशिकांत तथा फूलपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष रत्नेश बिंद ने फीता काटकर इस महाभियान का विधिवत उद्घाटन किया। इसमें लक्षित आयु वर्ग के बच्चों का नियमित टीकाकरण शत प्रतिशत पूर्ण करने एवं विगत महीना में टीकाकरण से वंचित रह गए बच्चों को शत प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर के अंतर्गत समस्त 33 स्वास्थ्य कंेद्रों पर कार्यरत एनएम और आशा बहू को निर्देशित किया गया। लक्षित आयु वर्ग के बच्चों तथा गर्भवती माता की डीयू लिस्ट बनाकर एवं टीकाकरण से वंचित रह गए बच्चों की लिस्ट बनाकर उन्हें प्रत्येक टीकाकरण दिवसों बुधवार एवं शनिवार में 31 दिसंबर तक टीकाकरण प्रतिरक्षण अवश्य प्राप्त कर लें।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष, पार्टी के पदाधिकारी समस्त चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, क्षेत्रीय जनता, मरीज एवं मरीज के अभिभावक उपस्थित रहे।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पर बुधवार को टीकाकरण उत्सव का प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा.मोहनलाल, प्रधान प्रतिनिधि नीरज चौरसिया ने फीता काटकर शुभारंभ किया। नोडल अधिकारी डा.आलेंद्र कुमार की देखरेख में हर एएनएम सेंटर पर इस टीकाकरण का शुभारंभ किया गया इसमें दर्जनों महिलाएं अपने बच्चों को लेकर उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति इस टीकाकरण उत्सव में शामिल हुई। एएनएम सुशील यादव ने बच्चों को टीकाकरण करके कैंप की शुरुआत की। इस मौके पर सुमन चौधरी, सुशीला राजभर, ममता पटेल, सरिता यादव, किरन यादव, बृजबाला सिंह, रीना उपाध्याय आदि उपस्थित रहीं।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार रानी की सराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा.उमा शरण पांडेय द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय टीकाकरण उत्सव के शुभारंभ में दो सत्रों का निरीक्षण किया गया जिसमें 52 ड्यू के सापेक्ष 37 का टीकाकरण हो गया था एवं अन्य को टीकाकृत करने के साथ यूवीन पोर्टल पर फीडिंग के सम्बन्ध में भी निर्देशित किया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.मनीष तिवारी, डा.अजय जायसवाल एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।