आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आम आदमी पार्टी ने जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व एवं प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव की उपस्थिति में मोदी सरकार के चुनावी घोटाले की भेंट चढ़े दिवंगत बीएलओ की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कलेक्ट्रेट चौराहे पर स्थित आंबेडकर पार्क में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने मृतक बीएलओ कर्मचारियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि लगभग 25 से ज्यादा बीएलओ ने सरकार और चुनाव आयोग के तुगलकी फरमान के चलते अपना जीवन समाप्त कर लिया। हम आज जुटकर उन सभी स्वर्गीय आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और भारतीय जानलेवा पार्टी तथा चुनाव आयोग से मांग करते है कि वोट हमारा संवैधानिक अधिकार है इसे समाप्त करने के लिए एसआईआर को हथियार की तरह सरकार इस्तेमाल कर रही है जिसका पुरज़ोर विरोध होगा। उन्होंने आह्वान किया किया कि प्रताड़ित होने पर जान देने की बजाय बीएलओ संघर्ष का रास्ता चुनें, जान देने से अत्याचार ख़त्म नहीं होगा।
जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने कहा कि सरकार मृतक बीएलओ कर्मचारियों के परिजनों को उचित मुआवजा, नौकरी एवं सुरक्षा गारंटी प्रदान करे तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए ठोस नीति बनाए।
इस मौके पर कृपाशंकर पाठक, तनवीर रिज़वी, उमेश यादव, रमेश मौर्य, बाबूराम यादव, कलीमुर्रहमान, अनिल यादव, जीवन ज्योति, रमेश पांडेय आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार