लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आवेदक आकाश चौहान पुत्र रामजियावन चौहान निवासी मिर्जापुर थाना देवगांव ने बताया कि ग्राम प्रधान सोनू प्रजापति ने अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की जिसमें उसे चोटें आईं। घटना के संबंध में थाना देवगांव पर तीन नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। जिसकी विवेचना उप निरीक्षक लालबहादुर प्रसाद द्वारा की जा रही है। विवेचना में उप निरीक्षक द्वारा उपरोक्त तीनों अभियुक्तों को जेल भेजने, चार्जशीट लगाने तथा प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करने के नाम पर वादी से 5 हजार रुपए की अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।
पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मामले को तत्काल संज्ञान में लिया गया तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच हेतु क्षेत्राधिकारी लालगंज को निर्देशित किया गया। जांच में उप निरीक्षक लालबहादुर प्रसाद प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि शिकायत में उल्लिखित अवैध धनराशि की मांग करने की बात सत्य पाई गई, जो कि पुलिस विभाग की गरिमा एवं आचरण संहिता के प्रतिकूल है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर उप निरीक्षक लालबहादुर प्रसाद के विरुद्ध थाना देवगांव पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर, हिरासत में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। उक्त उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद