अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में जमीनी विवाद को लेकर दो समुदाय के लोग आपस में भिड़ गये। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने एक पक्ष के डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
स्थानीय नगर पंचायत कस्बा निवासी शमीम अहमद पुत्र औरंगजेब ने बताया कि 2016 में मैंने एक जमीन मकान समेत खरीदी थी। जमीन में कुछ विवाद होने की वजह से एसडीएम बूढ़नपुर को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें तहसीलदार ने नायब तहसीलदार व लेखपाल के प्रेषित रिपोर्ट के आधार पर बीते 29 जूद के आदेश में प्रार्थी के निर्माण कार्य में बाधा ना उत्पन्न होने का आदेश पारित किया था। फिर भी विपक्षी द्वारा बार-बार अवरोध उत्पन्न किया जा रहा था। शनिवार समाधान दिवस पर प्रार्थी द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें मौजूदा प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण कार्य करने की अनुमति दे दी। रविवार सुबह जब प्रार्थी शमीम द्वारा उसी जमीन पर निर्माण शुरू किया गया तो विपक्षी हेमंत पुत्र देवी धमकी देने लगा और अपने दर्जनों साथियों को बुला लिया। निर्माण कार्य शुरू होते ही विपक्षी जुट कर प्रार्थी के भाई अब्दुल रहीम व भतीजा आरिफ को मारने पीटने लगे। जब वह जान बचाकर अपने घर में भागा तो विपक्षी वहां भी पहुंच गए और उसे मारने पीटने लगे। पीड़ित ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर नामजद एफआईआर दर्ज कराया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच कर छानबीन में जुट गयी। घटना के संबंध में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक गौरव शर्मा ने बताया कि मारपीट का मामला सामने आया है जिसमें एक पक्ष चोटिल हुआ है दूसरे पक्ष के 18 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद