माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर के सिद्धपीठ कालीचौरा मंदिर पर होने वाली नौ दिवसीय श्री शक्ति मानस यज्ञ का शुभारंभ शनिवार से है। यज्ञ मंडप बनने के बाद अंतिम दिन शुक्रवार को नगर वासी अन्य तैयारियों को पूर्ण कर इसे भव्य और भव्यतम करने में लगे थे।
माहुल नगर वासियों के कल्याणार्थ होने वाली इस श्री शक्ति मानस महायज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ होगा जिसमें 151 कन्याएं अपने-अपने सिर पर कलश लेकर मंदिर परिसर से हाथी घोड़े और गाजेबाजे के साथ पूरे नगर में भ्रमण करंेगी। जहां लगातार नौ दिनों तक दिन में 11 विद्वान पंडित देवी के वैदिक मंत्रो के जप के साथ ही साथ हवन इत्यादि करेगें। वही शाम चार बजे से रात्रि आठ बजे तक जगतगुरू रामभद्राचार्य के शिष्य और प्रमुख कथा वाचक आचार्य कौशल किशोर जी महाराज श्रीराम कथा का गुणगान करेंगे जो लगातार नौ दिन तक चलेगा। जिसमें वाद्य यंत्रों पर उनका साथ देने के लिए मथुरा के प्रसिद्ध कलाकार बुलाया गया है। यज्ञ को अद्भुत बनाने के लिए मंदिर में रंग रोगन और रंगीन झालरों से सुसज्जित करने के साथ ही साथ पूरे नगर में भगवा यज्ञ पताका लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए भाजपा माहुल मंडल अध्यक्ष विमलेश पांडेय यज्ञ के आयोजकों के साथ दिन रात एक किए हैं।
इस संबंध में कथा वाचक पंडित कौशल किशोर जी महाराज ने बताया कि मां काली की कृपा है कि वे उनके दरबार में कथा करने जा रहे हैं। यह यज्ञ अद्भुत और अद्वितीय होगी और इस यज्ञ के बाद माहुल में सनातन का भाग्योदय होगा।
रिपोर्ट-श्यामसिंह