आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ज़िला कांग्रेस कमेटी, आज़मगढ़ के तत्वावधान में श्री लालसा राय इंटर कॉलेज, सठियांव में संगठन सृजन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की नींव है, और कांग्रेस कार्यकर्ता इस नींव के मजबूत स्तंभ हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री अनिल यादव (निवर्तमान महासचिव, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी) ने संगठनात्मक संरचना को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने पर ज़ोर दिया। ज्ञानेंद्र पांडेय (पूर्व जिलाध्यक्ष, बस्ती) एवं कैलाश चौहान (ज़ोनल कोऑर्डिनेटर) ने संगठन के अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का संदेश दिया।
ज़िला कांग्रेस कमेटी आज़मगढ़ के अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि संगठन सृजन कार्यशाला का उद्देश्य सिर्फ बैठक करना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के भीतर नई चेतना, ऊर्जा और स्पष्ट दिशा का संचार करना है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी जैसे अनुभवी नेताओं का मार्गदर्शन हमें जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त करने की प्रेरणा देता है। कांग्रेस जन एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव, बूथ-बूथ तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर रियाजुल हसन, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, बेलाल अहमद बेग, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, सुरेंद्र सिंह, मुन्नू यादव, मुरारी राय, नरेंद्र सिंह, गोपाल कृष्ण राय, मोहम्मद आमिर आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ एवं संचालन राहुल राय ने किया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार