अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं पुष्टाहार विभाग के तहत आयोजित चयन प्रक्रिया में अतरौलिया नगर पंचायत के खानपुर फतेह वार्ड की बेटी पम्मी पुत्री जयराम ने परचम लहराया है। उनका चयन मुख्य सेविका के पद पर हुआ है। यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।
पम्मी ने अपनी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की पढ़ाई पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज अतरौलिया से पूरी की। इसके बाद उन्होंने रामनाथ धनंजय स्मारक महाविद्यालय, सिकंदरपुर (आजमगढ़) से बीए और एमए की डिग्री हासिल की। पम्मी एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता जयराम एक मेहनती व्यक्ति हैं जिन्होंने बेटियों को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पम्मी की बड़ी बहन खुशबू वर्तमान में बूढ़नपुर तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। पम्मी के परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। इस गौरवमयी सफलता पर परिजनों, ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने पम्मी को ढेरों बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी हैं। पम्मी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और अपने गुरुजनों को दिया है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद