दवा लेकर घर लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेनपुर गांव की रहने वाली एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ दवा लेकर घर लौट रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सेनपुर निवासी पवन कुमार सिंह अपनी पत्नी अमृता सिंह 28 वर्ष को दवा दिलाकर बसखारी से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अमर शहीद राजा जयलाल सिंह सौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय के सामने स्थित तिराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में अमृता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पवन कुमार सिंह को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल पास के अस्पताल सौ शैय्या ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने अमृता सिंह को प्राथमिक उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतका अमृता सिंह दो छोटे बच्चों की मां थीं। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *