लालगंज/मोहम्मदपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के नंदी भौजी के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो छात्राओं की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गयी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आंचल यादव 21 वर्ष पुत्री सुरेंद्र यादव निवासी आहिल खनियरा और अंशिका यादव 20 वर्ष पुत्री लालमुनी यादव निवासी कूड़ेभार खनियरा सुबह करीब साढ़े 8 बजे साइकिल से श्री माता प्रसाद डिग्री कॉलेज मई खरगपुर जा रही थीं। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से आंचल यादव को इलाज के लिए आजमगढ़ रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं अंशिका यादव को सौ बेड अस्पताल लालगंज पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद/एसपी यादव