फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोतवाली क्षेत्र के मलगांव गांव के पास रोड पर अचानक नीलगाय आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार एक युवक की मौत के साथ ही चार लोग घायल हो गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
गुरुवार की रात लगभग 8 बजे दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर गांव निवासी प्रेम मोहन अपने चार साथियों आशीष यादव खेतासराय, संतोष राजभर फुलेश, गुड्डू प्रजापति फुलेश, डा.राजू गुप्ता खेतासराय के साथ स्वीफ्ट डिजायर कार में सवार होकर दीदारगंज से अंबारी की तरफ जा रहे थे। फूलपुर कोतवाली के मलगांव गांव के पास दीदारगंज-अंबारी मार्ग पर अचानक नीलगाय आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे कार में सवार प्रेम मोहन अग्रहरि उर्फ पिंकू 36 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग गम्भीर रुप से तथा गुड्डू प्रजापति आंशिक रुप से घायल हो गए। सूचना पर फूलपुर तथा दीदारगंज की पुलिस मौके पर पंहुच कर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। घायलों को इलाज हेतु फूलपुर ले गई। जहां से चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। गम्भीर रुप से घायलों का इलाज जौनपुर में चल रहा है। मृतक के घर पर मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रागिनी तथा परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक तीन भाईयों में दूसरे स्थान पर था। मृतक दो बच्चों अर्पित तथा डुग्गू का पिता है। मृतक वीडियो ग्राफी का कार्य करता था।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय