अब घरों में घुसने लगा सरयू नदी की बाढ़ का पानी, कटने लगा एप्रोच मार्ग

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तरी क्षेत्र में बहने वाली सरयू नदी के जलस्तर ने मंगलवार को इस साल का सारा रिकार्ड तोड़ दिया, तो बुधवार की सुबह आठ बजे तीन सेमी जलस्तर बढ़ने के बाद शाम को चार बजे चार सेमी कम हो गया। इस प्रकार 24 घंटे के अंदर मात्र एक सेमी की कमी के बाद नदी खतरा निशान से 1.12 मीटर ऊपर बह रही थी। देवारा क्षेत्र के 25 गांव की लगभग 19 हजार की आबादी बाढ़ के पानी से पूरी तरह से घिर गई है, जबकि देवारा खास राजा के झंडी का पुरवा में पानी घरों में घुसने लगा है। दुर्ग विजय यादव की पत्नी माधुरी ने बताया कि घर में पानी घुसने से तीन बच्चों के साथ पड़ोसी के घर में शरण लेनी पड़ी है। कई अन्य परिवार भी प्रभावित हैं। खंड शिक्षाधिकारी हरैया अशोक कुमार राय ने बताया कि हालात को देखते हुए क्षेत्र के 20 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। शिक्षकों को पास के स्कूलों में उपस्थित रहकर स्थिति पर नजर रखने और संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।
दूसरी ओर हाजीपुर-गोला मार्ग पर सरयू नदी की शाखा पर बने पुल का एप्रोच मार्ग तेजी से कटने लगा है। इसकी जानकारी के बाद बाढ़ विभाग ने वहां पर बोल्डर आदि डालकर कटान रोकने की कवायद शुरू कर दी है। हालात को देखते हुए नाव की संख्या बढ़ाकर 133 से 151 कर दी गई है। नदी के जलस्तर में कई दिनों तक कमी के बाद शनिवार से नौवीं बार शुरू उफान बुधवार को थमा जरूर, लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं।
इस बीच 72वें दिन बुधवार को भी 2,78,284 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से जलस्तर अभी बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इस प्रकार अब तक 1,98,63,550 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। बीच में 18वें दिन 25 जुलाई, 55वें दिन एक सितंबर और 66वें दिन 12 सितंबर को पानी नहीं छोड़ा गया था। मुख्य माप स्थल बदरहुआ नाले के पास खतरा निशान 71.68 मीटर है। मंगलवार को यहां 72.81 मीटर, तो बुधवार को एक सेमी घटकर 72.80 मीटर रिकार्ड किया गया। दूसरी ओर सितंबर महीने के अंत तक जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में दिख रहा है।
इनसेट–
बाढ़ से देवारा लाचार, पहुंचने लगे सियासतदार

आजमगढ़। एक तरफ सरयू नदी की बाढ़ से देवारा क्षेत्र के ग्रामीण लाचार महसूस कर रहे हैं, तो वहीं अब तक कुछ कर पाने में असमर्थ सियासतदारों के पहुंचने का क्रम भी शुरू हो गया है। अभी कुछ दिन पहले सहबदिया के पास हो रही तेज गति कटान की जानकारी के बाद क्षेत्रीय विधायक एचएन सिंह पटेल ने पहुंचकर बाढ़ खंड के अधिकारियों को इसे रोकने के उपाय करने को कहा था, तो बुधवार को हाजीपुर-गोला मार्ग पर पुल के एप्रोच में कटान की जानकारी पर पूर्व विधायक बंदना सिंह ने पहुंचकर ग्रामीणों व ठेकेदार से रोकने के उपाय पर बातचीत की।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *