माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला शिक्षा क्षेत्र के पाकड़पुर प्राथमिक विद्यालय पर मंगलवार को अध्यनरत 48 बच्चों में सबसे गरीब तबके के चयनित 30 बच्चों को उप क्षेत्रीय वन अधिकारी ज्ञान प्रकाश वर्मा ने शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें सीमित संसाधनों में पढ़ाई करने की मजबूरी से उबारने के लिए अपने निजी संसाधनों से स्कूल बैग टिफिन बोतल पेंसिल बॉक्स हिंदी गणित अंग्रेजी की बालपोथी वितरित किया। शिक्षा सामग्री पाकार बच्चों के चेहरे खिल उठे।
वन अधिकारी ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि आप लोग देश के भविष्य हैं और अपने मां-बाप के सपनों को पूरा करने की एक आस हैं। मन लगाकर पढ़ें और हमेशा अपने गुरु माता-पिता का आदर करें। कभी भी शिक्षा के प्रति आपको किसी भी चीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से आपके स्कूल में दवा से लेकर पढ़ाई तक खाने से लेकर पीने तक हर व्यवस्थाएं आपको मुफ्त दी जा रही हैं। ऐसे में आपकी और ज्यादा जिम्मेदारी बनती है कि हमें अपने दायित्व को निभाते हुए शिक्षा की ऊंचाइयों पर जाना है। अपने देश और मां-बाप का नाम रोशन करना है। इस मौके पर हेड मास्टर सुरेंद्र यादव, शरद गिरि आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह