लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी कांवड़ यात्रा व मुहर्रम के मद्देनजर देवगांव कोतवाली प्रांगण में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता सीओ लालगंज हितेंद्र कृष्ण ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत व प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व सम्मानित गण मौजूद रहे। सीओ ने थाना क्षेत्र में कर्बला के स्थान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ताजिया का जो रूट पहले से रहा हो वही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देवगांव में होने वाले ताजिया के दौरान सड़क पर पूर्णतः जाम की स्थित उत्पन्न न हो इसका भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा धार्मिक सद्भावना बनी रहनी चाहिए। यदि कहीं रूट या अन्य कोई समस्या आती है तो तत्काल प्रभारी निरीक्षक को इसकी जानकारी दें। इस मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर रुद्रभान पाण्डे ने ताजिया और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण रूप से मनाए जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संवदेनशील स्थलों पर विशेष सर्तकता व निगरानी रखी जायेगी। साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले तथा असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कोई भी नयी परंपरा शुरू नहीं की जानी चाहिए। इस मौके पर सैफ़ ज़ैदी, सुबहान अहमद, अशोक प्रजापति, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल सहित क्षेत्र की सम्मानित जनता व अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद