लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के राष्ट्रीय आह्वान पर लालगंज तहसील पर लालगंज की इकाई ने शुक्रवार को एक दिवसीय धरना का आयोजन किया। सात सूत्रीय ज्ञापन राष्ट्रपति और जिलाधिकारी को संबोधित लालगंज उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।
भाकपा-माले जिला प्रभारी कामरेड विनोद सिंह ने कहा कि योगी मोदी राज जंगल राज में तब्दील हो गया है। कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। सवर्ण सामंती ताकतों के हौसले बुलंद हैं। इसी का नतीजा है इनके इशारे पर दलितों के घरों पर बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि बरदह थाने के औदह ग्राम पंचायत में सवर्ण सामंती ताकतें हथियार से लैस होकर दलितों के घरों पर हमला कर रही हैं और थाने की पुलिस उल्टे दलितों पर ही कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार और उनका प्रशासन गरीबों का घर जमींदोज करना बंद नहीं किया और औदह की घटना का जांच कर दलितों के साथ इंसाफ नहीं किया तो भाकपा-माले गरीबों के सम्मान के सवाल पर आन्दोलन तेज करेगी।
अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के नेता कामरेड हवलदार ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि गरीबों के घरों का सर्वे हो रहा है उन्हें उनकी घरौंदा दी जाएगी लेकिन गरीबों के घर पर बुलडोजर चल रहा है। धरना को कामरेड नन्दलाल, धर्मदेव, हामिद अली, पंचदेव राही, कामरेड बसीर मास्टर, कामरेड रामदेव, राजेन्द्र, रानू राव, कालिका, राजकुमार, लाल ने भी सम्बोधित किया। संचालन कामरेड बसन्त तथा अध्यक्षता कामरेड हवलदार राम ने किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद