संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर थाना क्षेत्र के ओहदपुर गांव निवासी दिलीप कुमार गौतम 23 वर्ष पुत्र विनोद कुमार गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में दुबई में मौत हो गयी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक दिलीप कुमार गौतम दो वर्ष पूर्व से दुबई के अबू धाबी में लॉन्ड्री में काम करता था। 29 सितंबर को रात में खा कर सोया था। अगली सुबह उसके साथी अपने काम पर चले गए। काम से लौटे तो देखे कि वह अभी तक सोया था। साथियों ने उठाने की कोशिश की जब नहीं उठा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस अस्पताल ले गई जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना शनिवार की सुबह जैसे ही मृतक दिलीप के गांव ओहदपुर पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था नवम्बर महीने में घर आने की उसकी तैयारी थी। नवम्बर में ही उसकी शादी तय थी।
रिपोर्ट-राहुल यादव