पीडीडीयू नगर जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में हुआ वाकया
मुगलसराय (सृष्टि मीडिया)। पीडीडीयू नगर जंक्शन पर गुरुवार को एक ऐसी घटना घटी जिसने मां की ममता को शर्मसार कर दिया। जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित शौचालय में प्रसव के बाद महिला नवजात को छोड़कर भाग गई। लोगों की नजर पड़ी तो नवजात को लोको अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगर समय से उपचार मिलता तो नवजात की जान बच सकती थी।
शव को पोस्टमार्टम वास्ते भेजा
जानकारी के अनुसार, पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित शौचालय में किसी अज्ञात महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया और चली गई। गुरुवार सुबह लोग गए तो वहां अचेतावस्था में नवजात मिला। यह देख लोगों ने इसकी सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी। मौके पर पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने नवजात को लोको अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चा किसका था यह पता नहीं चला। जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया की शौचालय में नवजात था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।