घटना के बाद पांकी में तनाव का माहौल
जासं, पलामू (सृष्टि मीडिया)। पांकी के भगत सिंह (मस्जिद) चौक पर महाशिवरात्रि की पूजा के मौके पर तोरणद्वार बनाने को लेकर दो समुदायों के बीच जमकर झड़प हो गई। इस दौरान धार्मिक स्थल से पत्थरबाजी की गई, जिसमें दर्जनाधिक लोग घायल हुए हैं। दो बाइक एवं एक घर को आग के हवाले कर दिया गया है। कुछ वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। स्थिति तनावपूर्ण बनी है।
इलाके में इंटरनेट सेवा बंद
डीसी, एसपी एवं स्थानीय विधायक घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश में जुटे हुए हैं और काफी हद तक इसे नियंत्रण में कर भी लिया गया है। इलाके में 144 लागू कर दिया गया है। अधिक से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। इस घटना के बाद पांकी में तनाव का माहौल है। सुरक्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पलामू जिला प्रशासन ने इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी पांकी में हिंसक दंगे हो चुके हैं। पांकी बाजार पूरी तरह बंद है। सड़क पर पत्थर बिखरे पड़े हैं, एक पक्ष के लोगों का कहना है कि तोरण द्वार लगाने के बाद दूसरे पक्ष ने उसे जबरन कबाड़ कर फेंक दिया गया। इसका विरोध किया गया तो पत्थरबाजी शुरू हो गयी। पत्थरबाजी कितनी भयावह थी इसका अंदाजा सड़क पर पड़े पत्थर से लगाया जा सकता है। दोनों तरफ से जोरदार पत्थर बाजी हुई है।