भदोही में ग्राहक सेवा केंद्र से असलहा दिखाकर 80 हजार की लूट

शेयर करे

बाइक पर आए थे दो बदमाश

भदोही (सृष्टि मीडिया)। विजईपुर में बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका से असलहे के बल पर 80 हजार की लूट की है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीमें गठित कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।

जांच में जुटी पुलिस की कई टीमें

घटना सुरियावां थाना क्षेत्र के विजईपुर की है। यहां बैंक आफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका सीता देवी मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए और उन्होंने असलहा दिखाकर ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका से लूट की घटना को अंजाम दिया है। सीता देवी ने बताया कि करीब 80 हजार रुपया था, उसको लूट ले गए। उन्होंने बताया कि आसपास तमाम लोग मौजूद थे, लेकिन मदद के लिए कोई सामने नहीं आया। बाइक सवार बदमाश रुपए लूटकर फरार हो गए। ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट की सूचना मिलने पर एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका से पुलिस ने पूछताछ की। इसके साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम जांच पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस की टीमें जांच पड़ताल कर रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *