ससुराल में महिला की मौत, मायकेवालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

शेयर करे

मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी हो गए फरार

मीरजापुर (सृष्टि मीडिया)। कछवां थाना क्षेत्र के भैसा गांव निवासी कीर्ति पांडेय पत्नी योगेश की संदिग्ध हालात में बीती रात को मौत हो गयी। परिजनों ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस के पहुंचने तक ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की जानकरी पर उपजिलाधिकारी सदर चन्द्रभानू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर शैलेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।

ससुरालियों पर होगी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, भदोही के औराई थाना क्षेत्र के सारीपुर ग्राम निवासी पिता रविशंकर ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुत्री की शादी 24 मई, 2021 को की थी। ससुराल वाले निरंतर उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करते थे। उनकी पुत्री इस बात को बताती थी। शुक्रवार की रात उन्हें फोन कर उसके ससुराल वाले ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। जबकि पुत्री ने बात करने पर कहा कि उसकी तबीयत ठीक है। सुबह उन्हें तबीयत खराब होने से मौत की जानकारी दी गई। बताया कि बिटिया के गले में गहरा निशान पड़ा है। मामले को लेकर सीओ सदर शैलेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मायके वालों की शिकायत पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ससुराल पक्ष का कहना है कि फांसी लगाई गई है। खबर लिखे जाने तक दहेज हत्या का मुकदमा ससुरालियों के खिलाफ लिखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *