आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में एक विवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव निवासी छट्ठू राम की 25 वर्षीय पुत्री प्रियंका की शादी 22 मई 2022 को दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव निवासी संदीप के साथ हुई थी। प्रियंका के पति संदीप सीआरपीएफ दिल्ली में तैनात हैं। पांच माह पूर्व वह अपने ससुराल से मायके आई थी। यहीं पर वह रह रही थी। शुक्रवार की सुबह परिजन खेत में गए तो वह घर पर अकेली थी। परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला। परिजनों ने काफी आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल थाने पर दी। नायब तहसीलदार विशाल शाही व बरदह थाना प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो उसका शव पंखे पर फंदे के सहारे लटका मिला। शव को बाहर निकाला गया। प्रियंका तीन भाइयों में एकलौती बहन थी। दो भाई पिता के साथ मुंबई और एक भाई जौनपुर में रहकर पढ़ाई करता है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार