सुराग के आधार पर वन विभाग ने आधा दर्जन लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू की
सोनभद्र (सृष्टि मीडिया)। म्योरपुर वन रेंज जंगल में बीते दिनों मृत मिले तेंदुए के हत्यारोपियों को वन विभाग ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उनको न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। म्योरपुर वन रेंज के डडीहरा गांव में जंगल के पास बीते दिनों तेंदुआ मृत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत दम घुटने से हुई थी। चिकित्सकों ने उसे सामान्य मौत नहीं बताया था। वन रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन ने बताया कि इसी आधार पर वन महकमे ने तेंदुए की मौत के कारणों की जांच शुरू की। इस पर उन्हें एक वीडियो क्लिप मिली जिसमें तेंदुआ तड़प रहा था। इस वीडियो को बनाने वाले को विभाग ने पकड़ा तो कई अहम सुराग मिले। सुराग के आधार पर वन विभाग ने आधा दर्जन लोगों को पकड़कर पूछताछ की। इसके बाद तेंदुए की मौत का राज खुल गया।
अपराधियों को नहीं छोड़ा जाएगा: वन रेंजर
जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जींदलाल व हिरन यादव ने बताया कि तेंदुआ एक दिन पहले ही शाम को सात बजे उनके सुअर मारने के लिए बिछाए जाल में फंस गया था। इसके बाद वह तड़प रहा था। उसने वहां से निकलने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन लोगों ने उसे उसी हाल में छोड़ दिया। सुबह आकर देखा तो वह मृत पड़ा था। पूरी तसल्ली कर लेने के बाद उन्होंने अपना जाल हटा कर वन विभाग को घटना की सूचना दी। दोनों आरोपियों को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर चालान कर सिविल जज जूनियर डिविजन दुद्धी के न्यायालय में पेश किया गया। जमानत पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया। आरोपियों को पकड़ने में रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन, वन दरोगा शिव कुमार यादव, विजेंद्र कुमार, सर्वेश कुमार यादव, सत्येंद्र कुमार व चंद्रभान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन रेंजर ने कहा कि वन्यजीवों पर होने वाले अपराध और करने वाले अपराधियों को किसी भी दशा में नही छोड़ा जाएगा।