स्वामी विवेकानंद की जयंती पर किया नमन
वाराणसी। सीएम योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। उन्होंने पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल में अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर याद करते हुए अघोर परंपरा पर कहा कि साधना की ऐसी प्रकृति है, जिसमें आध्यात्मिक दृष्टि से परमात्मा को जोड़ने और सामाजिक दृष्टि से सामाजिक ढांचे को जोड़ने में मदद मिलती है।
बाबा अघोरेश्वर राम को किया याद
मुख्यमंत्री ने बाबा कीनाराम और बाबा अघोरेश्वर राम को याद करते हुए कहा कि समता मूलक समाज के लिये उन्होंने काम किया, ताकि कोई निराश्रित न महसूस करे। मातृशक्ति की कोई जाति नहीं होती। शिव और शक्ति का मिलन ही वास्तविक शक्ति है। उन्होंने योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के केंद्र में इस संस्था को स्थापित करने को बाबा संभव राम और समूह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों का ही नतीजा है कि पूरा विश्व भारत की प्राचीन योग चिकित्सा पद्धति को अपनाने को आतुर है। 21 जून को पूरा विश्व 2014 से योग दिवस के रूप में मना रहा है।
हेल्थ एंड टूरिज्म पर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद और योग भविष्य में भारत को एक नए हेल्थ एंड टूरिज्म सेंटर के रूप मे स्थापित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने योग, आयुर्वेद और पंचकर्म की चर्चा करते हुए इन्हें भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा बताया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत शंखनाद से किया गया। कार्यक्रम के शुरूआत में श्री सर्वेश्वरी समूह विद्यालय की बच्चियों सुखदा पांडेय और शिवानी पांडेय ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ के साथ रामायण की प्रति भेंट की।