सर्पदंश से महिला की मौत, परिवार में कोहराम

शेयर करे

अहरौला आजमगढ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पाती गांव में गुरुवार की सुबह सर्पदंश की आशंका में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पूनम पत्नी कोमल राम के रूप में हुई है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात करीब तीन बजे पूनम को अचानक महसूस हुआ कि किसी जीव ने उन्हें काट लिया है। उन्हें लगा कि संभवतः चूहे ने काट लिया होगा। उन्होंने रात में इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं दी और सो गईं। कुछ समय बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए फूलपुर स्थित एक अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने महिला की मौत सर्पदंश के कारण होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, अहरौला थाना प्रभारी मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *