पिलर से टकराई रोडवेज बस, चालक समेत दो की मौत, 24 यात्री घायल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। भीषण टक्कर में बस चालक और एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर बलिया के लिए निकली थी। बस को लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए बलिया पहुंचना था। देर रात जब बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ की ओर जा रही थी, तभी स्टोन नंबर 191 के पास उसके आगे चल रहा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। पिकअप को असंतुलित होता देख बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान तेज गति के कारण बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे स्थित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम और पवई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *