अगलगी में नकदी व सामान जलकर राख

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार को दिन के करीब साढ़े 11 बजे मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के नोनीपुर उर्फ नईकोट गांव में अज्ञात कारणों से सुरेंद्र यादव उर्फ पिंटू पुत्र हवलदार यादव के घर लगी भीषण आग से भारी नुकसान हो गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित के अनुसार अग्निकांड में घर की महिलाओं के जेवर, गेहूं, चावल, सरसों, दाल, घी, आलमारी, कपड़े, चौकी और पलंग समेत घरेलू उपयोग की सभी सामग्री जलकर राख हो गई। इतना ही नहीं, घर निर्माण के लिए घर में सुरक्षित रखे 70 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। प्रधान प्रतिनिधि विशाल यादव द्वारा प्रशासन को घटना की जानकारी देने के बाद फायर ब्रिगेड व डायल 112 पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अग्निकांड की जांच पड़ताल में जुट गई है। राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल ने भी मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *