महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया))। स्थानीय ब्लाक अंतर्गत गोसाईंपुर भाटिनी मार्ग उपेक्षा के शिकार के कारण ग्राम वासिओं को आवाज उठाने पर मजबूर कर दिया। परिणाम यह हुआ कि सड़क और पुलिया निर्माण के लिए गांव वालों के साथ देवारा विकास सेवा समिति और जिला पंचायत सदस्य भी उनके साथ खड़े नज़र आये।
महराजगंज ब्लाक के मोलानापुर, गोसाईंपुर, भाटिनी, चेवता के रास्ते कंधरापुर आजमगढ़ मार्ग विगत 3-4 सालों से उपेक्षा का शिकार होने के कारण जर्ज़र हालत में है। कभी यह मार्ग देवारा वासियों सहित महराजगंज के लोगों और राहगीरों के लिए आजमगढ़ मुख्यालय जाने का एक प्रमुख मार्ग हुआ करता था। परन्तु विभाग के उदासीनता के कारण कुछ लोगों के लिए इस मार्ग का प्रयोग मज़बूरी बन गया है तो कुछ लोगों के लिए रास्ता बदलकर जाने की बाध्यता। ऐसे में आसपास के लोगों के सामने विभाग के कान और आंख को खोलने के लिए लोकतान्त्रिक प्रक्रिया से अपनी बात पहुंचाने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा था। ऐसा ही मामला मोलानापुर-कंधरापुर मार्ग स्थित भाटिनी गांव के लोगों साथ देखने को मिला। जहां मार्ग और पुलिया के नवीनीकरण के मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा नवीनीकरण की मांग उठायी गयी। परन्तु इस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस बार उनके साथ देवारा की अग्रणी सामाजिक संगठन देवारा विकास सेवा समिति के अध्यक्ष रामकेदार यादव और जिला पंचायत सदस्य विशाल सेठ ने भी उनकी आवाज़ में अपनी आवाज़ मिला दी है। अब देखना यह है कि उत्तरदायी विभाग, अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस आवाज़ को सुन और देख पाते हैं या फिर लोगों को और संघर्ष करना पड़ता है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र