आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय एनसीसी कैम्प के आठवें दिन आयोजित प्रेरक व्याख्यान सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. मुकुल दत्त पाण्डेय ने “एकता और अनुशासन, विकसित राष्ट्र निर्माण के प्रमुख स्तंभ” विषय पर कैडेटों को संबोधित किया। कैम्प कमाण्डेन्ट कर्नल दिनेश शर्मा व डिप्टी कैम्प कमांडेंट ले.कर्नल जेबी सिंह ने स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्रम प्रदान कर डॉ.पाण्डेय को सम्मानित किया।
डॉ.पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अनुशासन किसी भी विकसित राष्ट्र के दो प्रमुख स्तंभ हैं। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं, विशेषकर एनसीसी कैडेटों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासित जीवन शैली अपनाने, समय का सदुपयोग करने तथा राष्ट्रीय हित को सर्वाेपरि रखने का आह्वान किया।
उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि जब युवा एकता, कर्तव्यनिष्ठा और आत्मानुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हैं, तभी राष्ट्र प्रगति के नए आयाम स्थापित करता है। उन्होंने श्री अन्न के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकजुटता को विकास का आधार बताया। अंत में कैडेटों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय, सेकेण्ड अफसर दिनेश मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार तथा उपस्थित कैडेटों एवं अधिकारियों ने व्याख्यान को अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी बताया। संचालन लेफ्टिनेंट डॉ.पंकज सिंह तथा आभार ज्ञापन कैप्टन डॉ.इंद्रजीत ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार